यात्री प्रतीक्षालय से टकराई तेज रफ्तार बाइक: दो टुकड़ों में टूटी गाड़ी, चालक गंभीर रुप से घायल

मऊगंज में बहुती मोड़ के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक से उछलकर दूर गिरा युवक, समाजसेवियों ने पहुंचाया अस्पताल

यात्री प्रतीक्षालय से टकराई तेज रफ्तार बाइक: दो टुकड़ों में टूटी गाड़ी, चालक गंभीर रुप से घायल

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुती मोड़ के पास शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर यात्री प्रतीक्षालय से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक उछलकर दूर जा गिरा, जबकि बाइक दो टुकड़ों में टूट गई। घायल की पहचान इंद्रेश कोल पिता रामसिया कोल के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

समाजसेवियों ने दिखाई मानवता

घटना के समय मौके पर मौजूद समाजसेवी पूर्व सरपंच राजू सिंह, जयप्रकाश पांडेय, मुकेश साहू सहित अन्य ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक तेज रफ्तार में थी और चालक नियंत्रण खो बैठा। शुरुआत में घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में बाइक नंबर के रजिस्ट्रेशन और उस पर दर्ज वैकल्पिक मोबाइल नंबर के जरिए परिजनों से संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही परिजन नईगढ़ी अस्पताल के लिए रवाना हो गए। समय पर अस्पताल पहुंचाने में ग्रामीणों की तत्परता से घायल को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी।