कैलारस शुगर मिल को फिर से शुरू करने की तैयारी, निजी कंपनियों से मांगी गई रुचि अभिव्यक्ति

सुनेहरा अवसर: कैलारस शुगर मिल को दोबारा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। मध्य प्रदेश सरकार ने निजी कंपनियों और सक्षम संस्थाओं से EOI आमंत्रित किया है।

कैलारस शुगर मिल को फिर से शुरू करने की तैयारी, निजी कंपनियों से मांगी गई रुचि अभिव्यक्ति
मध्य प्रदेश सरकार ने मुरैना जिले की बंद पड़ी कैलारस शुगर मिल को दोबारा शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अंतर्गत उद्योग संचालनालय ने मिल के टेकओवर, पुनरुद्धार, आधुनिकीकरण और संचालन के लिए कंपनियों एवं सक्षम संस्थाओं से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) आमंत्रित किए हैं।

 
सरकार की ओर से जारी सूचना के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल ने 19 अगस्त 2025 को अपने निर्णय के तहत कैलारस चीनी मिल, जिला मुरैना की भूमि एमएसएमई विभाग को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया था। इसका उद्देश्य क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाना, औद्योगिक गतिविधियों को गति देना और स्थानीय आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है।
 
30 साल की लीज पर मिल देने की तैयारी
 
उद्योग विभाग ने इच्छुक कंपनियों और संगठनों को मिल को वर्तमान स्थिति में 'एज-इज-वेयर-इज' और 'एज-इज-व्हाट-इज' आधार पर लेने के लिए आमंत्रित किया है। प्रस्ताव के तहत मिल को लीज पर दिया जाएगा, जिसकी संकेतात्मक अवधि 30 वर्ष होगी। विभाग के विवेक पर संतोषजनक संचालन और प्रदर्शन के आधार पर लीज अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।
 
वर्तमान में कैलारस शुगर मिल संचालित नहीं है। मिल की स्थापित क्षमता 1,250 टीसीडी यानी प्रतिदिन 1,250 टन गन्ना पेराई की है।
 
12.86 हेक्टेयर जमीन सहित मिल की संपत्तियां
 
प्रस्तावित लीज में फैक्ट्री भवन, प्लांट एवं मशीनरी, गोदाम, कार्यशालाएं और निर्धारित क्षेत्र में स्थित करीब 12.86 हेक्टेयर भूमि शामिल है। अंतिम सीमा निर्धारण सर्वे और डिमार्केशन के अधीन रहेगा।
 
कैलारस शुगर मिल मुरैना जिले में एनएच-552 पर स्थित है और कैलारस रेलवे स्टेशन से तीन किलोमीटर से भी कम दूरी पर है।
 
ये कंपनियां और संस्थाएं कर सकती हैं आवेदन
 
सरकार ने चीनी और उससे जुड़े उप-उत्पादों के निर्माण क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों के साथ ही अन्य सक्षम संगठनों से रुचि अभिव्यक्ति मांगी है। चयनित संस्था मिल के टेकओवर, पुनरुद्धार, आधुनिकीकरण, वित्तीय व्यवस्था, विकास और दोबारा संचालन शुरू करने की दिशा में काम करेगी।
 
साइट विजिट और बैठक की तारीखें
 
इच्छुक कंपनियों के लिए मिल का निरीक्षण 31 अगस्त और 1 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से किया जाएगा। इसके लिए पहले से लिखित अनुरोध करना होगा।
 
वहीं, प्री-ईओआई बैठक 3 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे विंध्याचल भवन, अरेरा हिल्स, भोपाल स्थित प्रथम तल के मीटिंग हॉल में आयोजित की जाएगी।
 
15 सितंबर तक जमा करने होंगे प्रस्ताव
 
ईओआई प्रक्रिया के लिए विभाग ने पूरा कार्यक्रम जारी किया है—
 
  1. - लिखित प्रश्न भेजने की अंतिम तारीख: 7 सितंबर 2026, शाम 5 बजे तक
  2. - स्पष्टीकरण/संशोधन जारी होने की तारीख: 8 सितंबर 2026
  3. - ईओआई जमा करने की अंतिम तारीख: 15 सितंबर 2026, शाम 5 बजे तक
  4. - प्राप्त प्रस्ताव खोलने की तारीख: 16 सितंबर 2026, शाम 4 बजे
 
ईओआई ऑनलाइन माध्यम से एमपी टेंडर्स पोर्टल के जरिए जमा किए जाएंगे। प्रस्ताव खोलने की प्रक्रिया भी इसी पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
 
सरकार के इस कदम को मुरैना जिले में लंबे समय से बंद पड़ी कैलारस शुगर मिल को दोबारा चालू करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यदि मिल का सफलतापूर्वक पुनरुद्धार होता है तो इससे क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों, स्थानीय लोगों और औद्योगिक गतिविधियों को नई संभावनाएं मिल सकती हैं।
 
जारीकर्ता: आयुक्त, एमएसएमई, मध्य प्रदेश सरकार