REWA: जंगल में मिले नर कंकालों की हुई पहचान, किशोर-किशोरी के शव मिलने से फैली सनसनी

रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र अंतर्गत जनकहाई के जंगल में 19 मई 2026 को मिले नर कंकालों की पहचान आखिरकार हो गई है। पुलिस एवं परिजनों द्वारा की गई पुष्टि के अनुसार मृतकों में एक 17 वर्षीय किशोर राजू मांझी, पिता विजय मांझी, निवासी ग्राम नीवा तथा दूसरी 16 वर्षीय किशोरी विनय देवी कोल, पिता राधिका प्रसाद आदिवासी, निवासी ग्राम नीवा शामिल हैं। घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

REWA: जंगल में मिले नर कंकालों की हुई पहचान, किशोर-किशोरी के शव मिलने से फैली सनसनी
google

जानकारी के अनुसार मृतक राजू मांझी का भाई 19 मई को जनकहाई के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गया हुआ था। इसी दौरान उसे जंगल के भीतर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब वह गंध की दिशा में आगे बढ़ा तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। जंगल में दो नर कंकाल जैसी अवस्था में शव पड़े हुए थे। उसने तत्काल इसकी सूचना जवा थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही जवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा भेज दिया गया। बाद में परिजनों द्वारा शवों की पहचान की गई।

वहीं, मृतका विनय देवी कोल के पिता राधिका प्रसाद आदिवासी ने बताया कि उन्हें 19 मई की दोपहर लगभग 3 बजे पुलिस द्वारा फोन कर सूचना दी गई कि उनकी बेटी का शव जनकहाई जंगल में मिला है। सूचना मिलने पर वे तत्काल मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपनी पुत्री के रूप में की।

घटना को लेकर दोनों परिवारों में गहरा दुख और आक्रोश देखा जा रहा है। दोनों पक्षों के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में इस प्रकार दोनों के शव मिलना कई सवाल खड़े करता है, जिनका जवाब मिलना बेहद जरूरी है।

इधर पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।