MP को मिली नई वैश्विक कनेक्टिविटी, Indore-Abu Dhabi हवाई सेवा का हुआ आगाज
Indore से Abu Dhabi की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया हवाई सेवा का शुभारंभ
मध्यप्रदेश के लिए नागरिक उड्डयन क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ गई है। इंदौर से अबू धाबी के बीच प्रदेश की पहली अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सीएम ने यात्रियों को बोर्डिंग पास दिए और अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा को फ्लैग ऑफ करकर रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उड़ान मध्यप्रदेश की वैश्विक कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इंदौर से शुरू हुई यह सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान प्रदेश के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी। इससे मध्यप्रदेश के लोगों को विदेश यात्रा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान और मजबूत होगी।
एयर एंबुलेंस और हेली सेवा के बाद एक और बड़ी उपलब्धि
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने एयर एंबुलेंस सेवा लागू की और हेली सेवाओं की शुरुआत की। अब अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के साथ प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ हवाई संपर्क को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार से बढ़ेंगे अवसर
इंदौर-अबू धाबी हवाई सेवा शुरू होने से मध्यप्रदेश के उद्योग, निवेश, शिक्षा और पर्यटन क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। यह सेवा प्रदेश को खाड़ी देशों सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से जोड़ने में सहायक होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक हवाई सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की प्रगति और बदलती संभावनाओं का प्रतीक है। आने वाले समय में प्रदेश में हवाई सेवाओं के और विस्तार के प्रयास जारी रहेंगे।
Varsha Shrivastava 
