CM हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर की सख्ती, लिपिक निलंबित, दो अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मध्य प्रदेश। इंदौर में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को हुई टीएल बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नगरीय प्रशासन विभाग के लिपिक संजय पांडे को निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं, नगर निगम में एनआरवाय के प्रभारी उपायुक्त चंद्रशेखर निगम का तीन दिन और सांवेर के नायब तहसीलदार सीएल टांक का पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
दरअसल, इंदौर के कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा (Collector Shivam Verma) ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों की स्थिति, अब तक की गई कार्रवाई और निराकरण की जानकारी ली। समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद के साथ शिकायत दर्ज कराते हैं, ऐसे में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

