सीधी में मासूम से हैवानियत, CRPF जवान पर लगा दुष्कर्म का आरोप

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र में करीब 4 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है

सीधी में मासूम से हैवानियत, CRPF जवान पर लगा दुष्कर्म का आरोप

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र में करीब 4 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 59 वर्षीय CRPF जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी जम्मू-कश्मीर में पदस्थ बताया जा रहा है और छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था।

पुलिस के मुताबिक घटना 14 अगस्त की रात की है। बच्ची घर से बाहर गई थी और काफी देर तक वापस नहीं लौटी। कुछ समय बाद वह रोते हुए घर पहुंची। परिजनों ने बच्ची से पूछताछ की तो उसने मां को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी बच्ची के पड़ोस में रहता है। आरोप है कि उसने बच्ची को कुरकुरे देने के बहाने बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की मां ने 15 अगस्त को मझौली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और मामले की जांच शुरू की।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल सीधी भेज दिया गया। मामले में POCSO एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 59 वर्ष है और उसकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में है। वह करीब 20 दिन की छुट्टी लेकर गांव आया था। घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है।