मऊगंज में अतिवृष्टि से 12 कच्चे मकान धराशाई, पीड़ितों से मिले नृपेन्द्र सिंह पिंटू

मौहरिया-जरकटी में अतिवृष्टि से गरीब परिवारों पर टूटा कहर, बस्तियों का हाल बेहाल, खाद्यान्न और गृहस्थी तबाह, कांग्रेस नेता ने की तत्काल राहत की मांग

मऊगंज में अतिवृष्टि से 12 कच्चे मकान धराशाई, पीड़ितों से मिले नृपेन्द्र सिंह पिंटू

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

मऊगंज जिले के नईगढ़ी विकासखंड में 2 दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश अनुसूचित जाति वर्ग के गरीब परिवारों पर कहर बनकर टूटी है। ग्राम पंचायत मौहरिया की हरिजन बस्ती और ग्राम जरकटी रामशरण में अतिवृष्टि से करीब 12 कच्चे मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं।

वहीं, पूरी बस्ती में 2 से 3 फीट तक पानी भर जाने से घरों में रखा खाद्यान्न, बर्तन और गृहस्थी का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

पीड़ित परिवारों के पास सिर छुपाने को छत नहीं

पीड़ित परिवारों के पास अब न सिर छुपाने को छत है, न खाने को अनाज। मजबूरन महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे रहने को विवश हैं। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता एवं जनपद सदस्य नृपेन्द्र सिंह पिंटू ने संबंधी ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव के साथ प्रभावित बस्तियों का दौरा किया।

उन्होंने पीड़ित परिवारों से चर्चा कर उनकी व्यथा सुनी और अपने स्तर पर तत्काल भोजन, त्रिपाल और रहने की अस्थाई व्यवस्था कराई। नृपेन्द्र सिंह ने कहा कि यह दैवीय आपदा है, इस संकट में पीड़ितों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

प्रभावित क्षेत्र का सर्वे और मुआवजा की मांग 

कांग्रेस नेता, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष एवं वर्तमान जनपद सदस्य नृपेन्द्र सिंह पिंटू ने जिला प्रशासन और शासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि तत्काल सर्वे कराकर सभी प्रभावित परिवारों को आवास क्षति, खाद्यान्न क्षति और अस्थाई पुनर्वास के लिए उचित मुआवजा राशि प्रदान की जाए। साथ ही बस्ती में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।