महाविद्यालय ने आंगनबाड़ी केंद्र को लिया गोद, नौनिहालों के भविष्य को मिलेगी नई उड़ान

छोटी चमढ़िया आंगनबाड़ी की बदलेगी तस्वीर, शासकीय महाविद्यालय ने बढ़ाया सहयोग का हाथ

महाविद्यालय ने आंगनबाड़ी केंद्र को लिया गोद, नौनिहालों के भविष्य को मिलेगी नई उड़ान

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

महिला एवं बाल विकास विभाग की अभिनव पहल को नईगढ़ी में सार्थक रूप मिला है। नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 07 स्थित छोटी चमढ़िया आंगनबाड़ी केंद्र को शासकीय महाविद्यालय नईगढ़ी ने गोद लिया है। इस पहल से केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ नौनिहालों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. आराधना मिश्रा के निर्देशन में अतिथि विद्वान डॉ. हर्षिता द्विवेदी के नेतृत्व में एक टीम आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची। टीम में डॉ. राहुल रूपेश द्विवेदी और डॉ. आशुतोष पांडेय शामिल रहे। टीम ने केंद्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका से चर्चा की और बच्चों से आत्मीय संवाद किया।

गोद लेने का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक और रचनात्मक माहौल देना है। महाविद्यालय अब नियमित रूप से केंद्र में जाकर बच्चों के साथ शैक्षणिक गतिविधियां, खेलकूद, कहानी-कविता और चित्रकला जैसी रचनात्मक गतिविधियां संचालित करेगा। इससे बच्चों में सीखने की ललक बढ़ेगी।

यह कदम सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। विभाग आंगनबाड़ी केंद्रों को शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ रहा है, ताकि प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण को लेकर बच्चों और अभिभावकों में जागरूकता आए। महाविद्यालय प्रबंधन ने केंद्र के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का संकल्प लिया है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना की है।