Krishna Janmashtami 2026 : CM हाउस में श्रीकृष्ण पर्व की धूम, सीएम डॉ. मोहन यादव ने बाल गोपाल संग फोड़ी मटकी
Krishna Janmashtami 2026 : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया।
Krishna Janmashtami 2026 : भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित ‘श्रीकृष्ण पर्व’ के दौरान भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और बाल गोपाल के साथ मटकी फोड़ी। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मिनिस्टर विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे।

बाल गोपाल के साथ मनाया उत्सव
‘श्रीकृष्ण पर्व’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बाल गोपाल के साथ नजर आए। उन्होंने पारंपरिक मटकी फोड़ने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ जन्माष्टमी का उत्सव मनाया। इस दौरान CM ने श्रीकृष्ण पर्व में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद भी लिया। भजन का आयोजन किया गया। विभिन्न गायकों ने भजन प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में कृष्ण भक्ति और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला।

जन्माष्टमी पर दिखी कृष्ण भक्ति
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशभर में धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिरों और घरों में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की गई। भोपाल में भी कई स्थानों पर जन्माष्टमी के कार्यक्रम आयोजित हुए। मुख्यमंत्री निवास का ‘श्रीकृष्ण पर्व’ भी इसी उत्सवी माहौल का हिस्सा रहा।

सीएम ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की बधाई एवं मंगलकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन अनेक कष्टों और संघर्षों से भरा रहा, लेकिन वे अपने कर्तव्य से विमुख नहीं हुए। उनका जीवन हम सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी है। भगवान श्रीकृष्ण ने महाभारत के भीषण युद्ध के बीच कर्मवाद के सिद्धांत द्वारा बताया कि चाहे कैसी भी विकट परिस्थिति हो, हमें बुद्धि और धैर्य का परिचय देते हुए सदैव कर्म और धर्म के सद्मार्ग पर अडिग रहना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर हो रहे विविध कार्यक्रमों के लिए प्रदर्शित उमंग, उत्साह पर भी हर्ष व्यक्त किया है।


