दिल्ली में CNG फिर महंगी: आज फिर ₹2 बढ़े दाम, एक महीने में चौथी बार कीमतों में इजाफा
दिल्ली में CNG ₹83 के पार: आज फिर ₹2 हुई महंगी, इस महीने चौथी बार दाम बढ़े, अब तक ₹6 का इजाफा
ईरान-अमेरिका तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब सीधे आम लोगों की जेब पर दिखाई देने लगा है। दिल्ली-NCR में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस यानी CNG के दाम एक बार फिर बढ़ा दिए गए हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने मंगलवार 26 मई से CNG की कीमत में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। पिछले दो हफ्तों में यह चौथी बार है जब CNG के रेट बढ़ाए गए हैं।
नई कीमतों के बाद दिल्ली में CNG अब ₹83.09 प्रति किलो हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत ₹81.09 प्रति किलो थी। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में CNG के लिए करीब ₹91.70 प्रति किलो चुकाने होंगे। गुरुग्राम में भी दाम बढ़कर ₹88.12 प्रति किलो पहुंच गए हैं। लगातार बढ़ रही कीमतों से टैक्सी चालकों, ऑटो ड्राइवरों और रोजाना सफर करने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG
CNG के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। तेल कंपनियों ने कल 25 मई को पेट्रोल के दाम ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल के दाम ₹2.71 प्रति लीटर बढ़ाए थे। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल करीब ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इसका सबसे बड़ा कारण है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते क्रूड ऑयल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। कुछ हफ्ते पहले तक कच्चा तेल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, जो अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है।
तेल कंपनियों को 600 करोड़ का घाटा
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, सरकारी तेल कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि तेल कंपनियों को हर दिन करीब 600 करोड़ रुपए का घाटा हो रहा है। कीमतों में बदलाव से पहले यह नुकसान लगभग 1000 करोड़ रुपए प्रतिदिन तक पहुंच गया था। ऐसे में कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की है। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल, डीजल और CNG के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
Varsha Shrivastava 
