दतिया उपचुनाव 2026: BJP और कांग्रेस ने नियुक्त किए चुनाव प्रभारी, दोनों दलों ने शुरू की तैयारी
दतिया विधानसभा उपचुनाव 2026 को लेकर BJP और कांग्रेस ने चुनाव प्रभारी घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने भारत सिंह कुशवाह और राहुल कोठारी को जिम्मेदारी सौंपी, जबकि कांग्रेस ने सिद्धार्थ कुशवाह और लाखन सिंह यादव को चुनाव प्रभारी बनाया।
भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. दोनों दलों ने चुनाव के संचालन, समन्वय और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए अपने-अपने प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं.
BJP ने भारत सिंह कुशवाह को बनाया प्रभारी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह को दतिया विधानसभा उपचुनाव का प्रभारी बनाया गया है. वहीं भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं. आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी भेजी गई है.
कांग्रेस ने भी किए प्रभारी घोषित
वहीं, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी आदेश में मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने दतिया उपचुनाव के लिए दो वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है. कांग्रेस ने सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाह और पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव को दतिया विधानसभा उपचुनाव का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है. आदेश में कहा गया है कि दोनों नेता चुनाव के सफल संचालन, समन्वय और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करेंगे.

दतिया उपचुनाव पर दोनों दलों का फोकस
दतिया विधानसभा उपचुनाव को भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देख रहे हैं. प्रभारियों की नियुक्ति के साथ ही यह साफ हो गया है कि दोनों दल अब बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को धार देने में जुट गए हैं. आने वाले दिनों में दतिया में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की बैठकों, चुनावी दौरों और संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी देखने को मिल सकती है.

