कांग्रेस की साइक्लोथॉन पर नगर निगम की कार्रवाई, गांधी प्रतिमा के सामने कचरा फैलाने पर 2 हजार का स्पॉट फाइन
राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत मध्य प्रदेश कांग्रेस ने युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर साइकिल यात्रा निकाली है। इंदौर से शुरु हुई ये साइक्लोथॉन करीब 200 किलोमीटर का सफर तय कर 2 दिन में भोपाल पहुंचेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकली यह यात्रा नीट-यूजी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर आयोजित की गई है।
इंदौर में कांग्रेस की युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन के दौरान स्वच्छता को लेकर विवाद खड़ा हो गया। गांधी प्रतिमा के सामने कार्यक्रम के बाद फैले कचरे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दो हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया। यह चालान एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी के नाम से काटा गया। वहीं भाजपा ने इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

दरअसल, राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत मध्य प्रदेश कांग्रेस ने युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर साइकिल यात्रा निकाली है। इंदौर से शुरु हुई ये साइक्लोथॉन करीब 200 किलोमीटर का सफर तय कर 2 दिन में भोपाल पहुंचेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकली यह यात्रा नीट-यूजी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर आयोजित की गई है।

इंदौर में कांग्रेस की साइक्लोथॉन यात्रा सोमवार सुबह गांधी प्रतिमा और आरएनटी मार्ग क्षेत्र से शुरू हुई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मौके पर डिस्पोजल ग्लास, पानी की बोतलें और अन्य कचरा फैला हुआ दिखाई दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर दो हजार रुपये का स्पॉट फाइन किया। निगम ने एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी के नाम से चालान जारी किया। वही इस मामले में नगर निगम के अधिकारी का कहना है कि कांग्रेस के द्वारा उन डेकोरेशन पेपर कटिंग का इस्तेमाल किया गया था, जिसे नगर निगम के द्वारा प्रतिबंधित किया गया है। जिसके कारण यह स्पॉट पॉइंट की कार्रवाई करी गई है।

वहीं, मामले को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में स्वच्छता का संदेश देने निकली कांग्रेस खुद गांधी प्रतिमा के सामने कचरा छोड़ गई। उनका कहना था कि जो लोग स्वच्छता की बात करते हैं, वे अपने पीछे गंदगी छोड़कर चले गए, जिससे उनकी कथनी और करनी का फर्क साफ दिखाई देता है। राकेश सिंह यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया था, लेकिन कांग्रेस ने उनकी प्रतिमा के सामने ही स्वच्छता का अपमान किया।साथ ही गांव गांव से साइकिल लेकर कांग्रेस आई, कांग्रेस के किसी बड़े नेता ने इस यात्रा को लेकर कोई पोस्ट नहीं डाली, जिससे पता चलता है कि जीतू पटवारी की कांग्रेस पप्पू का चप्पू चला रही है।

फिलहाल नगर निगम की ओर से स्पॉट फाइन की कार्रवाई कर दी गई है। यह मामला अब राजनीतिक रंग भी पकड़ चुका है। एक ओर भाजपा कांग्रेस पर स्वच्छता को लेकर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से इस कार्रवाई पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि यह विवाद आगे और कितना तूल पकड़ता है।
Varsha Shrivastava 
