शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चुना जाएगा बिहार के नए CM का नाम

बिहार विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है।

शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चुना जाएगा बिहार के नए CM का नाम

बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद से राज्य की सत्ता किसे सौंपी जाए इसे लेकर सस्पेंस बरकरार है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने स्तर पर नए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है और इसके लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

बीजेपी के संसदीय बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे बिहार पहुंचकर पार्टी विधायकों की बैठक कराएं और विधायक दल के नेता के चयन की प्रक्रिया को संपन्न कराएं। माना जा रहा है कि इसी चयन के बाद एनडीए गठबंधन मिलकर राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगा।

एनडीए के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर कई नामों पर विचार किया जा रहा है। इनमें सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, श्रेयसी सिंह, संजय जायसवाल और नित्यानंद राय जैसे नेताओं के नाम चर्चा में हैं। हालांकि अभी तक किसी नाम पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले कुछ दिनों में बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी जाएगी और नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह जल्द आयोजित हो सकता है।