भोपाल के शांति नगर में खूनी संघर्ष, शिकायत के बाद भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
भोपाल के थाना निशातपुरा क्षेत्र के शांति नगर में गाड़ी खड़ी करने को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसी अंगूरी ठाकुर, विशाल ठाकुर और अंकित ठाकुर ने सचिन शाक्य और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की, जिसमें सचिन शाक्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सचिन शाक्य का पड़ोसी परिवार से वाहन खड़ा करने को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। सचिन का आरोप है कि वह पिछले करीब 8 महीने से इस विवाद को लेकर परेशान थे। उन्होंने कुछ दिन पहले कमिश्नर कार्यालय में भी शिकायत की थी, लेकिन उनका कहना है कि कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सचिन शाक्य ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को जातिसूचक गालियां भी दी जाती थीं। उनका कहना है कि उन्होंने थाना निशातपुरा पुलिस से भी कई बार शिकायत की, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई।
मारपीट की घटना के बाद सचिन शाक्य को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें पीपुल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल सचिन ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है।
वहीं, इस पूरे मामले के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

