सतना में युवती को 15 दिन बंधक बनाकर यौन उत्पीड़न का आरोप, महिला समेत 5 पर FIR
सतना के कैमा रेलवे स्टेशन के पास एक युवती हाथ-पैर और मुंह बंधी बेहोशी की हालत में मिली। पीड़िता ने 15 दिन तक बंधक बनाकर नशा देने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला समेत पांच आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की है।
सतना। काम दिलाने के बहाने एक युवती को कथित तौर पर अपने साथ ले जाकर करीब 15 दिनों तक बंधक बनाने, नशीला पदार्थ देने और यौन उत्पीड़न करने का गंभीर मामला सामने आया है। सोमवार रात पीड़िता कैमा रेलवे स्टेशन के पास बेहोशी की हालत में मिली थी। उसके हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में कोलगवां पुलिस ने एक महिला समेत पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैमा रेलवे स्टेशन के पास बेहोशी की हालत में मिली युवती
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे कैमा रेलवे स्टेशन के पास एक युवती बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। उसके हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद सरपंच मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और डायल-112 को जानकारी दी।
पुलिस टीम ने युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। मामले की सूचना मिलने पर सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी भी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने चिकित्सकों से बातचीत कर पीड़िता के उपचार की व्यवस्था कराई।
काम की तलाश में मैहर से सतना आई थी पीड़िता
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पीड़िता के बयान दर्ज किए गए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है और कुछ महीने पहले उसके भाई की भी मौत हो गई थी। पिता ने दूसरी शादी कर ली है। जीवनयापन के लिए वह मजदूरी करती है।
पीड़िता के अनुसार, वह करीब 18 दिन पहले काम की तलाश में मैहर से सतना आई थी और छोटे-मोटे काम कर बस स्टैंड क्षेत्र में रह रही थी।
काम दिलाने का झांसा देकर साथ ले जाने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि करीब 15 दिन पहले वह काम की तलाश में सिंधी कैंप गई थी, जहां मजदूरी का काम पाने के लिए लोग एकत्र होते हैं। वहां भोला डोहर और दाने सिंह नामक दो युवक मिले। दोनों ने नियमित काम दिलाने की बात कही और उसे बाइक पर अपने साथ ले गए।
आरोप है कि भरजुना मंदिर के पास बाइक खराब होने की बात कहकर उसे नीचे उतारा गया और पीने के लिए पानी दिया गया। पीड़िता के मुताबिक, पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गई।
कमरे में बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि होश आने पर उसने खुद को एक कमरे में पाया। वहां दो नामजद आरोपियों के अलावा एक महिला और दो अन्य लोग भी मौजूद रहते थे। पीड़िता का आरोप है कि उसे दिए जाने वाले भोजन और पानी में नशीला पदार्थ मिलाया जाता था, जिससे वह बार-बार बेहोश हो जाती थी।
पीड़िता ने एक महिला पर मारपीट करने और बीड़ी-सिगरेट से हाथ जलाने का भी आरोप लगाया है। उसने पुलिस को बताया कि दिन के समय महिला उसकी निगरानी करती थी, जबकि अन्य आरोपी रात में कमरे में आते थे। पीड़िता ने आरोपियों पर यौन उत्पीड़न और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला समेत पांच आरोपियों पर एफआईआर
सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान के मुताबिक, पीड़िता के शुरुआती बयान के आधार पर कोलगवां थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत भोला डोहर, दाने सिंह, रोहित सिंह, राजकुमार डोहर और नीतू डोहर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच रिपोर्ट और न्यायालय में दर्ज होने वाले बयान के आधार पर मामले में आगे अन्य धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। पीड़िता के परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए मैहर पुलिस से संपर्क किया गया है। आरोपियों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
Anubhav Dubey 
