रीवा के शिखाकांड पर बोले अखिलेश यादव, भाजपा पर जमकर बरसे

रीवा में यादव युवक से मारपीट और उसकी शिखा उखाड़ने के मामले को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया और पीड़ित को समर्थन देने की बात कही।

रीवा के शिखाकांड पर बोले अखिलेश यादव, भाजपा पर जमकर बरसे

रीवा में हुए शिखा कांड और एक यादव युवक के साथ मारपीट का मामला अब सिर्फ जिले तक सीमित नहीं रहा। ये घटना अब पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई है।

इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर रीवा की घटना साझा करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति समाज को आपस में लड़ाने का काम कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यादव युवक के साथ हुई मारपीट कोई मामूली घटना नहीं है, बल्कि इसके पीछे समाज को बांटने की सोच साफ दिखाई देती है।

अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित से वीडियो कॉल पर बात की और भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी इस लड़ाई में पीड़ित के साथ खड़ी है। वहीं कई दूसरे राजनीतिक लोग भी पीड़ित से मिलने पहुंच रहे हैं।

मेरी जान को खतरा -पीड़ित 

इधर, पीड़ित रोहित यादव ने आरोपी दीपक पांडेय से अपनी जान को खतरा बताया है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में बैकुंठपुर थाना पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज कर लिया है। 

अखिलेश यादव ने लोगों को चेताया कि नफरत की राजनीति में फंसकर लोग ऐसे काम कर बैठते हैं, जिनका अंजाम पुलिस कार्रवाई होता है। ऐसे समय में न कोई नेता साथ आता है और न ही सत्ता बचाने आती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कुर्सी बचाने के लिए समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव को जिंदा रखते हैं, जबकि सही राजनीति समाज को जोड़ने की होती है।

आरोपी माफी मांगे 

अखिलेश यादव ने आरोपियों से अपील की कि वे अपने किए पर शर्मिंदा हों, पीड़ित से माफी मांगें और समाज में शांति बनाए रखने में सहयोग करें।

अपने संदेश के अंत में उन्होंने कहा कि नफरत का जवाब नफरत नहीं होना चाहिए। गलत रास्ता हमेशा नुकसान की ओर ले जाता है, जबकि भाईचारा ही समाज और देश को मजबूत बनाता है।