36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, कोच्चि से अबू धाबी जा रहा था Air India Express का विमान
Air India Express Flight: एयर इंडिया एक्सप्रेस की कोच्चि से अबू धाबी जा रही फ्लाइट की तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
Air India Express Flight : एयर इंडिया एक्सप्रेस की कोच्चि से अबू धाबी जा रही फ्लाइट की तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। पायलट को फ्लाइट के टेक-ऑफ के करीब एक घंटे बाद विमान में आई तकनीकी समस्या की जानकारी मिली। इसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया।
विमान के इंजन-1 में ऑयल का स्तर गिरा
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 415 कोच्चि से अबू धाबी के लिए रवाना हुई थी। यह विमान बोइंग 737 था। टेक-ऑफ के करीब 50 मिनट बाद पायलट और को-पायलट ने देखा कि विमान के इंजन-1 में ऑयल का स्तर तेजी से कम हो रहा है। उस समय विमान करीब 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था।
स्थिति को देखते हुए क्रू ने FORDEC असेसमेंट किया। FORDEC इमरजेंसी या जटिल परिस्थितियों में निर्णय लेने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक महत्वपूर्ण Structured Decision-Making मॉडल है।
विमान के इंजन में तेल का स्तर लगातार कम होता जा रहा था। ऐसे में किसी बड़े जोखिम से बचने के लिए क्रू ने विमान को वापस कोच्चि ले जाने का फैसला किया। इसके बाद विमान की कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
3 सितंबर को भी फ्लाइट में आई थी तकनीकी खराबी
इससे पहले 3 सितंबर को भी एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी सामने आई थी। वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को तकनीकी समस्या के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। सूत्रों के मुताबिक, विमान के कार्गो सेक्शन में धुएं का अलार्म बजा था। इसके बाद पायलट ने तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया। विमान के एयरपोर्ट पर उतरते ही रिस्पॉन्स टीम ने मोर्चा संभाला। मौके पर फायर ब्रिगेड और टेक्निकल एक्सपर्ट भी पहुंचे और विमान की जांच की गई।
Anjali 
