सागर में पीड़ित परिवारों से मिले डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल, बोले- दोषियों को मिलेगी कड़ी से कड़ी सजा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नियमों के अनुसार प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी पीड़ित परिवारों की जरूरतों का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
Deputy CM Rajendra Shukla Sagar Visit : मध्य प्रदेश। सागर के बंडा क्षेत्र में अवैध और जहरीली शराब से हुए हादसे के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने मृतकों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। शुक्ल ने परिजनों के प्रति संवेदना जताई और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने घटना को बेहद दुखद और हृदय विदारक बताया।
कई गांवों में पहुंचकर ली परिवारों की जानकारी
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बंडा और शाहगढ़ तहसील के कई गांवों का दौरा किया। इनमें बमूरा भेड़ा, नौराज, गूगरा खुर्द, धुरमार, चौका, हनौती और पापेट शामिल हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों के सदस्यों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

परिजनों ने अपनी मांगें और परेशानियां उनके सामने रखीं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नियमों के अनुसार प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी पीड़ित परिवारों की जरूरतों का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
शराब माफिया पर होगी कड़ी कार्रवाई
उप मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन अब तक 10 से अधिक आरोपियों को हिरासत में ले चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्रवाई केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहे।

अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाए। उन्होंने कहा कि कारोबार के मुख्य स्रोत तक पहुंचकर उसे खत्म किया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
गांवों को नशामुक्त बनाने की अपील
दौरे के दौरान राजेंद्र शुक्ल ने ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा की। उन्होंने गांवों को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लिए लोगों से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि नशे की आदत का असर केवल एक व्यक्ति पर नहीं पड़ता। इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होता है।

उन्होंने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और अवैध नशे के कारोबार की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन ऐसे मामलों को रोकने के लिए गंभीरता से काम कर रहे हैं।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में पहले भी जनसहयोग से नशामुक्ति के प्रयास किए गए हैं। आगे भी ऐसे प्रयासों को मजबूत किया जाएगा। इस दौरान बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजनिया और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


