3 राज्यों की 296 सीटों पर वोटिंग असम, केरलम, पुडुचेरी में सिंगल फेज में मतदान
3 राज्यों की 296 सीटों पर वोटिंग असम, केरलम, पुडुचेरी में सिंगल फेज में मतदान असम में 126 सीट पर 722 उम्मीदवार केरलम में 890 उम्मीदवार 294 कैंडिडेट आजमा रहे अपनी किस्मत
देश के तीन राज्यों असम, केरलम और पुडुचेरी की 296 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। आज सुबह 6 बजे से 7 बजे के बीच सभी पोलिंग स्टेशन पर अधिकारियों ने मॉक पोलिंग की, जिससे पता चल सके कि ईवीएम में कोई खराबी तो नहीं है। केरलम में 70 साल में पहली बार कोई सीएम हैट्रिक के लिए चुनाव लड़ रहा है। असम में बीजेपी हिमंता बिस्व सरमा के सहारे लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दांव खेल रही है। जबकि पुडुचेरी में कांग्रेस से निकले एन. रंगासामी पांचवी बार सत्ता में काबिज होने की कोशिश कर रहे हैं।
असम में 126 सीट पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं केरलम में 2.71 करोड़ वोटर 890 उम्मीदवारों में से अपना नेता चुनेंगे। पुडुचेरी में 20 पार्टियां के 294 कैंडिडेट अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तीनों राज्यों में करीब 10 लाख से ज्यादा वोटर्स पहली बार मतदान करेंगे।
केरलम: UDF उम्मीदवार बोले- जनता ही राजा है
केरलम के एर्नाकुलम में अभिनेता और पलक्कड़ विधानसभा क्षेत्र से UDF उम्मीदवार रमेश पिशारोडी ने कहा- एक राजनेता का काम सेवा करना है। हम जनता को आदेश नहीं दे सकते हैं। हम उन्हें हुक्म नहीं चला सकते। वे ही राजा हैं। व्यापार में हम कहते हैं कि ग्राहक ही राजा होता है। ठीक उसी तरह, सभी लोग, उस क्षेत्र के सभी मतदाता, वे ही राजा हैं। केरल के मामले में BJP को LDF से कोई डर नहीं है। राष्ट्रीय स्तर पर उनका मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस है। जब BJP सत्ता में आई, तो उन्होंने सबसे पहले 'कांग्रेस मुक्त भारत' की बात कही थी।
पुडुचेरी के पूर्व सीएम बोले- राज्य में INDI गठबंधन की सरकार आएगी
पुडुचेरी के पूर्व सीएम वी. नारायणसामी ने विधानसभा चुनावों में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा- पुडुचेरी की जनता चाहती है कि INDI गठबंधन सत्ता में आए। मुझे पूरा भरोसा है कि INDI गठबंधन यहां सरकार बनाएगा। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में आकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें।
केरलम: मंत्री मोहम्मद रियास बोले- लोग हमारे पक्ष में
केरलम के कोझिकोड में राज्य सरकार के मंत्री और बेपोर विधानसभा क्षेत्र से LDF उम्मीदवार पीएम मोहम्मद रियास ने कहा- हमने रिकॉर्ड संख्या में विकास परियोजनाएं शुरू की हैं। हर महीने LDF सरकार पेंशन देती है और एक नई परियोजना भी है, जिसके तहत महिलाओं को पेंशन दी जाती है। इसके अलावा अच्छी सड़कें, अच्छे सरकारी स्कूल और अच्छे सरकारी अस्पताल भी हैं। लोग LDF के पक्ष में हैं। हमें अच्छा बहुमत मिलेगा।
केरलम: भाजपा सांसद गोपी बोले- लोग अपनी मिट्टी के लिए वोट करें
भाजपा सांसद सुरेश गोपी ने वोट डालने के बाद कहा- अपनी मिट्टी के लिए वोट करें। सभी राजनीतिक नेतृत्व, नेतृत्व के गुण, वादे, सब कुछ भूल जाएं। राजनीति को भूल जाएं। अपने परिवार को अपने दिल में रखें। उपलब्ध विकल्पों, अपने सपनों पर विचार करें, और सोचें कि कौन उन्हें प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए सही रास्ता दिखा सकता है।
पीएम की असम की जनता से वोट डालने की अपील
पीएम ने एक्स पोस्ट में असम के लिए लिखा- 2026 के असम विधानसभा चुनावों के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू होने के संदर्भ में, मैंने असम की जनता से बड़ी संख्या में बाहर आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। मुझे उम्मीद है कि राज्य के युवा, पुरुष और महिला मतदाता पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र तथा नागरिक कर्तव्य के एक उत्सव में बदल देंगे।
पीएम मोदी की पुडुचेरी की जनता से वोटिंग की अपील
पीएम मोदी ने X पोस्ट में लिखा- जैसे ही पुडुचेरी विधानसभा चुनाव शुरू हो रहे हैं। मैं हर मतदाता से आग्रह करता हूं कि वे बाहर निकलें और रिकॉर्ड संख्या में मतदान में हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से हमारे युवाओं और महिला मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करें। पुडुचेरी के भविष्य को संवारने में हर एक वोट मायने रखता है।
केरल की जनता से पीएम की अपील
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा- केरल की जनता से आह्वान करता हूं कि वे 2026 के विधानसभा चुनावों में मतदान में भारी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें। रिकॉर्ड भागीदारी केरल की लोकतांत्रिक भावना में नई ऊर्जा का संचार करेगी। मैं विशेष रूप से राज्य के युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूं कि वे आगे आएं और अपने मत दर्ज कराएं।
केरल: अधिकारी बोले- बूथ पर सभी तैयारियां पूरी, अब वोटर्स का इंतजार
केरल के उलूर कोट्टारम में पोलिंग बूथ 215 के पीठासीन अधिकारी मिथुन एच ने कहा- चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। पोलिंग बूथ को सजाया गया है, जो एक नई पहल का हिस्सा है। बूथ के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। सुरक्षा अधिकारियों की देखरेख में तय बैग में मतदाताओं के फोन जमा करने के लिए एक विशेष इंतजाम किया गया है। पीठासीन अधिकारी को छोड़कर किसी को भी पोलिंग स्टेशन के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। मॉक पोलिंग सुचारू रूप से संपन्न हुई और वीवीपैट ठीक से काम कर रहा है। सभी उम्मीदवारों के एजेंटों को स्पष्ट रूप से जानकारी दे दी गई है। पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया है।

