भोपाल में युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन, तीन राज्यों के 70 से अधिक विधायक होंगे शामिल
भोपाल में 30-31 मार्च को मध्यप्रदेश,राजस्थान और छत्तीसगढ़ के 45 साल से कम उम्र के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित होगा। जिसमें तीन राज्यों के 70 से अधिक विधायक शामिल होंगे।
भोपाल: राजधानी भोपाल में 30 और 31 मार्च को मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में तीनों राज्यों के 70 से अधिक विधायक शामिल होंगे और संसदीय प्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे
विधान परिषद भवन में होगा आयोजन
यह सम्मेलन विधानसभा के विधान परिषद भवन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं और विधायकों की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
45 वर्ष से कम आयु के विधायक होंगे शामिल
विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां जारी हैं। इसमें 80 से अधिक युवा विधायकों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में 45 वर्ष से कम आयु के विधायकों को आमंत्रित किया गया है।
राजस्थान और छत्तीसगढ़ से मांगी गई सूची
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने वाले विधायकों के लिए राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा से भी सूची मांगी गई है, ताकि कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा सके। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के शामिल होने की संभावना है।
लोकसभा अध्यक्ष को भी आमंत्रण
इसके अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्षों को भी सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन के माध्यम से युवा विधायकों को संसदीय कार्यप्रणाली की बेहतर समझ देने और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
मध्यप्रदेश के ये विधायक 45 साल से कम
भाजपाः प्रियंका पेंची, कामाख्या प्रताप सिंह, प्रतिमा बागरी, विक्रम सिंह, दिव्यराज सिंह, शरद कोल, मनीषा सिंह, डॉ. अभिलाष पांडेय, घनश्याम चंद्रवंशी, कंचन मुकेश, मंजू राजेंद्र दादू, सतीश मालवीय।
कांग्रेसः मुकेश मल्होत्रा, हेमंत कटारे, ऋषि अग्रवाल, जयवर्द्धन सिंह, रामसिया भारती, सिद्धार्थ कुशवाहा, नीलेश उइके, अभिजीत शाह, आतिफ आरिफ अकील, सचिन यादव, मोटू सोलंकी, डॉ. विक्रांत भूरिया और डॉ. हिरालाल अलावा।
अन्यः कमलेश डोडियार।
sanjay patidar 
