सतना में चंदन चोर गिरोह सक्रिय, नागौद में 50 साल पुराने दो पेड़ चोरी
सतना में चंदन चोर गिरोह सक्रिय, नागौद में 50 साल पुराने दो पेड़ चोरी
सतना के नागौद क्षेत्र में रिटायर्ड आर्मी मैन की बगिया से चंदन के दो 50 साल पुराने पेड़ अज्ञात चोर काटकर ले गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। 12 दिनों में यह दूसरी घटना है, इससे पहले उचेहरा क्षेत्र से भी 5 चंदन के पेड़ चोरी हो चुके हैं और पुलिस अब तक आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है।
सतना में इन दिनों चंदन के पेड़ चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। 12 दिनों के अंदर चंदन के बड़े पेड़ चोरी की दूसरी वारदात हुई है। नागौद ब्लॉक के कचनार गांव में रिटायर्ड आर्मी मैन पुष्पेंद्र सिंह की बगिया से शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश चंदन के दो विशाल पेड़ काट ले गए। पेड़ लगभग 50 साल पुराने बताए जा रहे हैं।
घर से ही लगी बगिया है, जिसमें मंदिर के चारों तरफ 20 चंदन के पेड़ लगे हैं। रात में परिवार के सदस्य सो रहे थे तभी अज्ञात बदमाश आए और दो पेड़ काट ले गए, जबकि चंदन के 2 अन्य पेड़ों में चीरा लगाकर छोड़ गए। घटना की जानकारी सुबह होने पर नागौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार इतने विशाल पेड़ों को आरी से काटा गया है और उन्हें ले जाने के लिए बदमाशों ने किसी मालवाहक का उपयोग किया होगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात बदमाशों का सुराग तलाशने में जुटी हुई है।
उचेहरा क्षेत्र से चोरी गए थे 5 पेड़ गौरतलब है कि उचेहरा थाना क्षेत्र के अतरवेदिया कला गांव की एक बगिया से भी 1 अप्रैल की रात बदमाशों ने 25 साल पुराने चंदन के 5 पेड़ों की इसी तरह चोरी की थी। अभी तक इस मामले में भी पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली हैं।
The Publicvani website has been rated GREEN for its credibility and trustworthiness by Newsguard, a global service that rates news sources for their journalistic standards.