सम्राट चौधरी बने बिहार के नए CM, JDU के दो नेताओं ने ली डिप्टी CM पद की शपथ
सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। JDU से दो नेता विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव उपमुख्यमंत्री बनाए गए।
बिहार में सत्ता का नया अध्याय शुरू होने के साथ ही सम्राट युग का भी उदय हो गया है। राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रुप में सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) ने शपथ ली। राजधानी पटना में स्थित लोकभवन में सुबह 11 बजे आयोजित एक सादे लेकिन अहम समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर नीतीश कुमार सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।

जेडीयू के दो नेताओं को मिला डिप्टी CM का जिम्मा
नई सरकार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेताओं को भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। विजय कुमार चौधरी (Vijay Kumar Choudhary) और बिजेंद्र प्रसाद यादव (Bijendra Prasad Yadav) ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इससे साफ संकेत मिलता है कि एनडीए गठबंधन में संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है। फिलहाल मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों का ऐलान अभी बाकी है।

सम्राट चौधरी ने X पर बायो बदला- मुख्यमंत्री बिहार
मुख्यमंत्री पद की शपथ के साथ सम्राट चौधरी ने X बायो बदल दिया और लिखा- चीफ मिनिस्टर बिहार। इससे पहले डिप्टी CM लिखा था।

शपथ ग्रहण से पहले सम्राट चौधरी ने पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वे शपथ समारोह में पहुंचे। शपथ से पहले ही उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

सचिवालय में CM की कुर्सी संभाली, अफसरों के साथ बैठक की
सम्राट चौधरी राजभवन से निकले। इस दौरान राजभवन के बाहर खड़े उनके समर्थकों ने सम्राट जिंदाबाद के नारे लगाए। सम्राट ने गाड़ी से ही हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। इसके बाद वे सीधे सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी कुर्सी संभाली और अधिकारियों ने जरूरी पेपर्स पर उनसे साइन करवाए।

इसके बाद सीएम सम्राट चौधरी ने सचिवालय में अफसरों के साथ बैठक की। अफसरों ने नए मुख्यमंत्री को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने भी उन्हें अपने कामकाज का तरीका समझाया साथ ही अफसरों को हो रही परेशानियों की जानकारी ली।
नीतीश के इस्तीफे के बाद बदलाव
लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार (Nitish Kumar) भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। सरकार में बदलाव सोमवार को नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद हुआ। 20 साल बिहार के CM रहे नीतीश कुमार अब राज्यसभा सदस्य हैं। वह करीब दो दशकों तक बिहार की राजनीति के केंद्र में रहे और लंबे समय तक राज्य का नेतृत्व किया। उनके इस्तीफे के बाद नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हुआ।
भाजपा के लिए ऐतिहासिक पल
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही नीतीश युग पर विराम और बीजेपी के उभार की नई कहानी शुरू हो गई है। बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता इस पद तक पहुंचा है। यह बीजेपी के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। सम्राट चौधरी पहले उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं और पार्टी में ओबीसी चेहरे के तौर पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
Varsha Shrivastava 
