ओंकारेश्वर: CM ने सपरिवार किए राजराजेश्वरी मंदिर में दर्शन, मातृ एवं शिशु आरोग्य केंद्र का किया निरीक्षण
नए साल के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को ओंकारेश्वर पहुंचे। उन्होंने कन्या पूजन किया और नर्मदा परिक्रमा वासियों से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया। इसी दौरान CM के बेटे-बहू की नर्मदा परिक्रमा यात्रा का विधिवत समापन हुआ।
खंडवा। नए साल के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को ओंकारेश्वर पहुंचे। उन्होंने यहां कन्या पूजन किया और नर्मदा परिक्रमा वासियों से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव और बहू डॉ. इशिता यादव की नर्मदा परिक्रमा यात्रा का विधिवत समापन हुआ।
समापन कार्यक्रम के दौरान परिक्रमा वासियों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। मुख्यमंत्री के पुत्र और पुत्रवधु ने ओंकारेश्वर के ब्राह्मपुरी घाट पर मां नर्मदा का पूजन किया। इसके बाद उन्होंने बाबा ओंकार के दर्शन किए और ओंकार पर्वत की परिक्रमा की। सीएम ने मोरटक्का स्थित नर्मदा नदी के तट पर स्थित श्री राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी मंदिर में सपरिवार दर्शन कर जगत के मंगल और कल्याण के लिए प्रार्थना की।
समापन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धा का वातावरण दिखाई दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वे अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद ओंकारेश्वर स्थित राजराजेश्वरी मंदिर पहुंचे और यहां कन्या पूजन किया। उन्होंने नर्मदा परिक्रमा के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस परिक्रमा से लोगों में धार्मिक चेतना और संस्कृति का ज्ञान बढ़ता है।
कार्यक्रम में नर्मदा परिक्रमा वासियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और कहा कि यह यात्रा उनके लिए आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रही। मुख्यमंत्री ने उन्हें आगे भी इसी प्रकार नर्मदा की सेवा और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजराजेश्वरी सेवा भारती न्यास द्वारा कुपोषण मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित मातृ एवं शिशु आरोग्य केंद्र का निरीक्षण किया। सीएम ने गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण आहार सामग्री वितरित कर उनसे संवाद किया, साथ ही आरोग्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
समापन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुजरात के राजकोट के लिए रवाना हो गए। ग्राम प्रंसला में आयोजित 'राष्ट्रकथा शिविर' में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए।
Varsha Shrivastava 
