अवैध बोरिंग रैकेट का भंडाफोड़, दो मशीनें जब्त, मचा हड़कंप

जल संकट पर जिला प्रशासन सख्त बिना परमिट बोरिंग कर रहे माफिया पर FIR प्रतिबंध के बावजूद kj रहे धरती का सीना छलनी, प्रशासन ने दबोचा बोरिंग किंग को , थाने पहुंची मशीनें

अवैध बोरिंग रैकेट का भंडाफोड़, दो मशीनें जब्त, मचा हड़कंप

राजेंद्र पयासी मऊगंज:  भू-जलस्तर में आई भारी गिरावट के बाद जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध को धता बताकर अवैध बोरिंग कर रहे माफिया पर गुरुवार 4 जून की शाम प्रशासन ने बड़ा शिकंजा कसा। कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने नईगढ़ी तहसील क्षेत्र के नरैनी गांव में छापा मारकर बिना अनुमति हैंडपंप उत्खनन कर रही दो बोरिंग मशीनों को जब्त कर लिया। कार्यवाही के बाद जिले भर के बोरिंग संचालकों और दलालों में हड़कंप मच गया है।

गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई

जिला प्रशासन को सूचना मिली कि तहसील नईगढ़ी के ग्राम नरैनी में कुशवाहा परिवार की भूमि पर अवैध रूप से बोरिंग की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार सुनील कुमार द्विवेदी एवं थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

जांच में पाया गया कि वाहन क्रमांक KA 01 D 5554 एवं TN 34 M 2255 की बोरिंग मशीनों से बिना किसी अनुमति के उत्खनन किया जा रहा था। टीम ने तत्काल दोनों मशीनों को जब्त कर लिया और विधिक प्रक्रिया पूरी कर नईगढ़ी थाना के सुपुर्द कर दिया। 

 

तहसीलदार सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि मशीन मालिक, चालक एवं अवैध कारोबार में सम्मिलित लोगों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 188 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने हेतु थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है। नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लगा है हैंड पंप उत्खनन में प्रतिबंध

जिला प्रशासन ने जिले में लगातार गिर रहे भू-जलस्तर को देखते हुए एक निर्धारित समय के लिए बोरवेल उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। आदेश के अनुसार केवल आवश्यकता पड़ने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से लिखित अनुमति लेकर ही हैंडपंप उत्खनन कराया जा सकता है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बाद भी अवैध बोरिंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।