प्रीतम सिंह लोधी के बयान पर गुर्जर महासभा नाराज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से की कार्रवाई की मांग

अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बयान पर आपत्ति जताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल से कार्रवाई की मांग की। खण्डेलवाल ने कहा कि यह लोधी का निजी बयान है, पार्टी का इससे कोई संबंध नहीं है और मामले पर संगठन जल्द चर्चा करेगा।

प्रीतम सिंह लोधी के बयान पर गुर्जर महासभा नाराज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से की कार्रवाई की मांग
google

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल से अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा डकैत रामबाबू गडरिया के समर्थन में दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। गुर्जर महासभा ने इस संबंध में खण्डेलवाल को एक ज्ञापन भी सौंपा है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने गुर्जर महासभा के प्रतिनिधिमंडल से कहा कि भाजपा गुर्जर समाज के साथ है और गुर्जर समाज का सम्मान करती है। भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा गत दिवस दिए गए बयान से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है, वह उनका निजी बयान है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा गत दिवस दिए गए बयान को संज्ञान में लिया गया है। पार्टी संगठन जल्द ही इस संबंध में विधायक प्रीतम सिंह लोधी से चर्चा करेगा। गुर्जर समाज का देश की सुरक्षा व विकास में अहम योगदान है। भाजपा सदैव उनके हितों व सम्मान के साथ है।

प्रतिनिधिमंडल ने विषय पर त्वरित संज्ञान लेने एवं समाज की भावनाओं को गंभीरता से सुनने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल का आभार व्यक्त किया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह पटेल, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमराव सिंह गुर्जर, महासभा के युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष  सोनू गुर्जर, रघुराज गुर्जर (भिंड), दतिया जिला अध्यक्ष राम बहादुर सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व महासभा के राजगढ़-भोपाल संभाग अध्यक्ष यशवंत गुर्जर, रविन्द्र गुर्जर (ग्वालियर रनगंवा) एवं गजेन्द्र सिंह गुर्जर (ग्वालियर) उपस्थित रहे।