खेत में लगी भीषण आग फैलते हुए 2 किमी. के दायरे में पहुंची
तुमड़ीबोड़ से डोंगरगढ़ जाने वाले मार्ग पर खेत में लगी भीषण आग फैलते हुए 2 किमी. के दायरे में पहुंची
तुमड़ीबोड़ से डोंगरगढ़ जाने वाले मार्ग पर रोड के किनारे खेत में भीषण आग लग गई। आग फैलते हुए करीब दो किमी. के दायरे में पहुंच गई है। दायरे में आने वाले पेड़ पौधे आग की चपेट में आ गए। आग लगने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और निजी कंपनी के 5 से अधिक दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे गए।

घटना 20 अप्रैल दोपहर 3 बजे के करीब की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि खेत में कचरा जलाने के लिए कुछ लोगों ने आग लगाई थी। जो हवा के साथ फैलते चली गई। अब आग का दायरा 2 किमी. हिस्से में फैल गया है। जिसमें काबू पाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। दमकल वाहन भी सड़क के किनारे के हिस्से में ही आग बुझा पा रहे हैं। जबकि आग खेत के भीतरी हिस्सों में काफी अंदर तक फैल गई है। स्थानीय प्रशासन के लोग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंचकर निगरानी कर रही है। हालांकि आसपास बस्ती नहीं होने की वजह से कुछ राहत की स्थिति है। बताया गया कि देर शाम तक आग बुझाने का प्रयास जारी रहा। हालांकि आग में अब तक 35 फीसदी ही काबू पाया गया है।

आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही टाइगर क्लब और व्यापारी संघ के अध्यक्ष अजय जैन, ग्राम पटेल अमरोतन साहू मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, आकाश जैन, अशोक जैन, धरम जैन, दुकाल साहू , और अन्य लोगों ने आगजनी की जानकारी अधिकारियों और दमकल की गाड़ी और विभागीय अधिकारियों तुमड़ीबोड़ पुलिस स्टाफ को फोन से दी, दमकल की गाड़ी ने छत्तीसगढ़ फार्म के पास पहुंच कर बिजली के ट्रांसफार्मर के पास भड़की आग को सबसे पहले बुझाया फिर दूसरी दमकल की गाड़ी फार्म के अंदर जाकर आग बुझाने में जुट गई। आगजनी की जानकारी मिलते ही ग्रामीण छत्तीसगढ़ फार्म की तरफ दौड़ पड़े इस दौरान ग्रामीणों एवं आसपास के लोगों के भारी भीड़ जुट गई। आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है।

