MP के टीकमगढ़ में बस पलटी 11 यात्री घायल

MP के टीकमगढ़ में बस पलटी, 11 यात्री घायल सभी जिला अस्पताल में भर्ती, इंदौर से आ रही थी बस

MP के टीकमगढ़ में बस पलटी 11 यात्री घायल

टीकमगढ़ में 21 अप्रैल की सुबह बड़ागांव रोड पर एक यात्री बस पलट गई, जिसमें 11 लोग घायल हो गए। हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर हनुमान मंदिर के पास क्रॉसिंग के दौरान हुआ। बस सर्विस कंपनी की थी और इंदौर से टीकमगढ़ आ रही थी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई।

कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक ने मौके पर पहुंचकर बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ यात्रियों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अधिकांश को मामूली चोटें लगी हैं।

घायलों से पूछताछ के लिए अस्पताल पहुंचे कलेक्टर

पुलिस फिलहाल घटना के कारणों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता घायलों को उचित इलाज कराना है। घटना की जानकारी लगते ही टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोतिय घायलों से पूछताछ के लिए अस्पताल पहुंचे। टीकमगढ़ तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि सुबह महाकाल कंपनी की यात्री बस अनियंत्रित होकर गौगाबेर हनुमान मंदिर के पास पलट गई। घटना में 11 लोग घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। सभी सुरक्षित हैं। घटना के बारे में पूछताछ जारी है। बस इंदौर से टीकमगढ़ आ रही थी।

SDO बोले-हादसा का पता लगा रहे हैं

टीकमगढ़ एसडीओ राहुल कटरे का कहना है कि सुबह करीब 8 बजे एक्सीडेंट के बारे में जानकारी लगी। तत्काल मौके पर कोतवाली थाना पुलिस के साथ एंबुलेंस को रवाना किया गया। हादसे में 11 लोगों को चोटें आई है। सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता ड्राइवर से पूछताछ के बाद ही चल सकेगा।