विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर, हैमस्ट्रिंग चोट बनी वजह
विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से बाहर हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह टीम इंडिया का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। रोहित शर्मा की फिटनेस पर भी संशय बना हुआ है।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
विराट कोहली को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था, लेकिन अब टीम प्रबंधन को उनके स्थान पर दूसरे खिलाड़ी का चयन करना पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि आईपीएल 2026 के दौरान कोहली चोट से जूझ रहे थे और फाइनल मुकाबले में भी दौड़ते समय असहज नजर आए थे।
आईपीएल 2026 में शानदार रहा प्रदर्शन
विराट कोहली का हालिया आईपीएल सीजन शानदार रहा। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए 16 पारियों में 675 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 56.25 रहा। कोहली ने सीजन में एक शतक और पांच अर्धशतक जड़े। गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उन्होंने 75 रन की अहम पारी खेली थी।
चोट और फिटनेस से जूझ रहे थे कोहली
आईपीएल के दौरान विराट कोहली चोटिल भी हुए थे और बाद में बुखार से भी प्रभावित रहे। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच के बाद उन्होंने खुद स्वीकार किया था कि वह पूरी तरह फिट नहीं हैं।
कोहली ने कहा था, "मेरी चोट पहले से बेहतर है, लेकिन मैं अभी 100 प्रतिशत फिट नहीं हूं। पिछले मैच में घुटने में सूजन थी और पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य भी पूरी तरह ठीक नहीं था।"
रोहित शर्मा की फिटनेस पर भी संशय
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के खेलने को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल तो किया है, लेकिन अंतिम टीम में जगह पाने के लिए उन्हें अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। रोहित शर्मा भी आईपीएल के दौरान चोट से परेशान रहे थे और कुछ मुकाबले नहीं खेल पाए थे।
13 जून से शुरू होगी सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में और तीसरा व अंतिम मैच 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा।
भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।
shivendra 
