गृह प्रवेश कार्यक्रम में खूनी खेल, युवक ने युवती को सीने में मारी गोली

सीधी के चुरहट में एक बच्चे के गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान नशे में धुत युवक ने रीवा की युवती रितिका सिंह को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ घटना के वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।

गृह प्रवेश कार्यक्रम में खूनी खेल, युवक ने युवती को सीने में मारी गोली
google

सीधी के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मवई में एक कार्यक्रम के दौरान युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है।

मृतिका रितिका सिंह (निवासी ग्राम पिपरा, थाना गोविंदगढ़, जिला रीवा) के भाई उदय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वह अपनी मौसी के दामाद मृगेंद्र सिंह के घर ग्राम मवई आए हुए थे। उदय ने बताया कि मौसी की लड़की स्वाति सिंह को बेटा हुआ था, जिसकी कल अस्पताल से छुट्टी हुई थी और बच्चे के गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

उदय सिंह के अनुसार, शाम तकरीबन 6:30 बजे गाजे-बाजे के साथ डांस करते हुए वे अस्पताल से बच्चे को लेकर मवई गांव पहुंचे थे। जब बच्चे का गृह प्रवेश कराया जा रहा था, तभी गांव के ही ऋषि सिंह नामक युवक ने, जो शायद नशे में था, अपना दबदबा दिखाने के लिए बंदूक लहराई। इसके बाद आरोपी ने पास से गुजर रही रितिका को आवाज देकर बुलाया और जैसे ही वह पीछे घूमी, आरोपी ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही रितिका घटनास्थल पर ही गिर गई।

गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। भाई उदय का आरोप है कि उसकी बहन की जानबूझकर हत्या की गई है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना अपना 'भौकाल' जमाने के चक्कर में की गई हर्ष फायरिंग (Celebrate Fire) की वजह से हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।