श्रेयंका पाटिल ने ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब, बोलीं- ‘मुझसे जलते हैं इसलिए ऐसा करते हैं’

भारतीय क्रिकेटर श्रेयंका पाटिल ने अपनी डांसिंग रील्स पर हुई ट्रोलिंग पर खुलकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें डांस और अपनी पसंद के कपड़े पसंद हैं और ट्रोलर्स की बातों से उन्हें फर्क नहीं पड़ता।

श्रेयंका पाटिल ने ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब, बोलीं- ‘मुझसे जलते हैं इसलिए ऐसा करते हैं’

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्पिनर श्रेयंका पाटिल इन दिनों अपने डांसिंग रील्स को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना कर रही हैं. अब क्रिकेटर ने ट्रोलर्स को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है. श्रेयंका का कहना है कि उन्हें डांस करना, इंस्टाग्राम पर रील बनाना और अपनी पसंद के कपड़े पहनना पसंद है और वह आलोचनाओं से परेशान नहीं होतीं.

‘मुझे डांस करना पसंद है’

इंडिया टुडे के कर्नाटक राउंड टेबल इवेंट में श्रेयंका पाटिल ने अपनी वायरल रील्स और उन्हें मिल रही ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ट्रोल करें, आलोचना करें या तारीफ करें, इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता.

श्रेयंका ने कहा कि उन्हें इंस्टाग्राम पसंद है और डांस करना भी पसंद है. वह अपनी पसंद के कपड़े पहनने को लेकर भी सहज हैं. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें डांस करने में कोई शर्म नहीं है और वह जैसी हैं, उसके साथ सहज हैं.

‘ट्रोल्स को मुझसे जलन होती है’

श्रेयंका ने ट्रोलिंग को लेकर कहा कि वह ट्रोलर्स की बातों को ज्यादा गंभीरता से नहीं लेतीं. उन्होंने यहां तक कहा कि ‘ट्रोल्स को मुझसे जलन होती है, इसलिए वह ऐसा करते हैं. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.

चोट के बाद क्रिकेट छोड़ने का भी आया ख्याल

श्रेयंका ने बातचीत के दौरान अपनी चोट के बारे में भी बात की. टी20 वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल होने के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं. उन्होंने बताया कि एक समय उन्होंने अपने कोच से यहां तक कह दिया था कि वह अब क्रिकेट नहीं खेलना चाहतीं. बार-बार चोट लगने को लेकर उनके मन में सवाल उठ रहे थे.

इसी दौरान नेटफ्लिक्स की ‘सफेद सागर’ सीरीज देखने से उन्हें काफी मदद मिली. इसके बाद उन्होंने क्रिकेट को लेकर अपना नजरिया बदला और दोबारा मैदान पर लौटने का फैसला किया.

फिलहाल चोट से उबर रही हैं श्रेयंका

श्रेयंका पिछले करीब दो महीनों से क्रिकेट से दूर हैं. वह आगामी महिला एशिया कप में नहीं खेल पाएंगी. हालांकि, उन्हें एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है, लेकिन वहां उनका खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा.