रिलीज से पहले ही छाई शाहरुख खान की ‘किंग’, ₹250 करोड़ में बिके डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स
शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। फिल्म ने रिलीज से पहले ही करीब 250 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट लगभग 400 करोड़ रुपए है, यानी आधे बजट से ज्यादा फिल्म ने कमा लिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेन मरुधर ने फिल्म के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 250 करोड़ रुपए में खरीदे हैं। इस साल की यह सबसे बड़ी डील्स में से एक मानी जा रही है। पेन मरुधर पहले भी शाहरुख के साथ ‘जवान’, ‘डंकी’ और ‘जीरो’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी है।

इस फिल्म के राइट्स के लिए कई बड़ी कंपनियों ने बोली लगाई थी, जिनमें ए.ए. फिल्म्स, जियो स्टूडियोज, पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स, यशराज फिल्म्स और धर्मा प्रोडक्शंस शामिल हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। वहीं इसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स मिलकर बना रहे हैं।

‘किंग’ क्रिसमस 2026 पर रिलीज होगी, जहां इसकी टक्कर हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों ‘जुमांजी’, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ और ‘ड्यून 3’ से होगी। इसी वजह से मेकर्स इसे बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी बड़ी है। इसमें दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, सुहाना खान, अनिल कपूर, अभय वर्मा और अरशद वारसी नजर आएंगे। कहानी एक मेंटर और शिष्य के रिश्ते पर आधारित है, जो मुश्किल हालात में अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करते हैं।


