Satna में 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, 8 बच्चे घायल; दो बच्चियों की हालत गंभीर

सतना के कोठी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पतेरिया गांव के पास 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में 8 बच्चे घायल, दो बच्चियां जिला अस्पताल रेफर।

Satna में 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, 8 बच्चे घायल; दो बच्चियों की हालत गंभीर

Satna News: मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोठी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय बड़ा हादसा हो गया। पतेरिया गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 8 बच्चे ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में सभी बच्चे घायल हो गए। इनमें दो बच्चियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

विसर्जन से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, कोठी के वार्ड 14 और 15 में रहने वाले ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। गुरुवार शाम विसर्जन के बाद लौटते समय पतेरिया गांव के पास ट्रॉली में सवार बच्चे 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दो बच्चियों को जिला अस्पताल किया रेफर

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तत्काल कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। दो बच्चियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया। बाकी बच्चों का इलाज कोठी में ही चल रहा है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली लाइन ट्रैक्टर-ट्रॉली के संपर्क में कैसे आई, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।