शादी का वादा कर किया दैहिक शोषण, पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी को भेजा जेल
सतना के धारकुंडी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने शिकायत के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सतना। सतना जिले के धारकुंडी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
धारकुंडी थाना प्रभारी विजय सिंह कुशवाह ने बताया कि थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि उसकी पहचान अभिज्ञान नाम के युवक से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ दैहिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात की तो आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा। बाद में उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया और विरोध करने पर बदनाम करने की धमकी भी दी।
शिकायत मिलते ही धारकुंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को आरोपी अभिज्ञान प्रजापति (25 वर्ष), निवासी जरिहा, थाना धारकुंडी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Anubhav Dubey 
