सड़क हादसे में घायल आरक्षक संदीप शुक्ला की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत

ड्यूटी से लौटते वक्त आंधी-तूफान के दौरान पेड़ की डाल से टकराकर आरक्षक संदीप शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल में उनकी मौत हो गई, जिससे पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

सड़क हादसे में घायल आरक्षक संदीप शुक्ला की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत
google

ड्यूटी से लौटते वक्त सड़क दुर्घटना में घायल आरक्षक की इलाज के दौरान प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जिले के चित्रकूट थाना में पदस्थ आरक्षक संदीप शुक्ला की ड्यूटी पुरुषोत्तम मास में बिरसिंहपुर के गैवीनाथ मंदिर में लगी हुई थी। ड्यूटी पूरी होने के बाद वह मंगलवार रात धारकुंडी-मानिकपुर मार्ग से चित्रकूट लौट रहा था।

रात करीब 11 बजे मानिकपुर और कर्वी के बीच आंधी-तूफान के कारण सड़क पर गिरी पेड़ की डाल से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में संदीप को गंभीर चोटें आईं। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पहचान होने पर चित्रकूट पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद गंभीर अवस्था में आरक्षक संदीप को प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर था।

चित्रकूट थाना पुलिस ने बताया कि इलाज के दौरान आरक्षक संदीप की मौत हो गई। मृतक अपने पीछे वृद्ध मां, पत्नी और चार वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। मृतक के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत थे। पिता की असामयिक मृत्यु के बाद संदीप को पुलिस विभाग में संविदा नियुक्ति मिली थी।

ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सिपाही की असामयिक मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। विभाग द्वारा परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही अन्य मदद की जा रही है।