रौसर में नाली निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत

रौसर ग्राम पंचायत में नाली निर्माण कार्य में घटिया सामग्री और मानक से कम सीमेंट उपयोग किए जाने के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने अनियमितताओं की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है और निर्माण कार्य पर सवाल उठाए हैं।

रौसर में नाली निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत
google

रीवा के ग्राम पंचायत रौसर से नाली निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में बेहद कम मात्रा में सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है, जिससे नाली की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, इस नाली निर्माण का टेंडर लगभग 14 से 15 लाख रुपये का है।

ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर चल रहे काम में मिक्सचर मशीन में करीब 20 तगाड़ी बालू के साथ सिर्फ 1 तगाड़ी सीमेंट मिलाया जा रहा है, जो मानकों के खिलाफ है। आरोप है कि उसी मसाले में डस्ट भी मिलाया जा रहा है, इसी वजह से तैयार हो रहा मसाला डस्ट जैसा दिखाई दे रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि पहले सड़क निर्माण के दौरान भी इसी तरह की गड़बड़ी हुई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब फिर से वही स्थिति बन रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। बता दें कि यह निर्माण कार्य सरपंच पति की देखरेख में कराया जा रहा है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित रूप से घटिया निर्माण कार्य और सामग्री की सच्चाई देखी जा सकती है।