रीवा में हाथियों का आतंक, धुअर गांव में मकान तोड़ा; विधायक ने वन विभाग पर उठाए सवाल

रीवा के गुढ़ क्षेत्र में हाथियों के दल ने धुअर गांव में एक मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हाथियों से सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

रीवा में हाथियों का आतंक, धुअर गांव में मकान तोड़ा; विधायक ने वन विभाग पर उठाए सवाल
पब्लिक वाणी

रीवा की गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर हाथियों का दल आबादी वाले गांवों तक पहुंच गया है। लगातार हो रही आवाजाही से ग्रामीणों में डर का माहौल है। मंगलवार को हाथियों ने धुअर गांव में एक मकान को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना के दौरान परिवार के लोगों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को हाथियों के झुंड ने धुअर गांव में ग्रामीण राजू सिंह के मकान को नुकसान पहुंचाया। मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, मकान टूटने से परिवार को भारी नुकसान हुआ है।

कई गांवों में है मूवमेंट

गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह ने बताया कि करियाझर, दुआरी, बधवार, टीकर सहित कई गांवों में हाथियों का लगातार मूवमेंट बना हुआ है। शाम होते ही ग्रामीणों में दहशत फैल जाती है। लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। किसान भी खेतों में काम करने और मवेशी चराने जाने से घबरा रहे हैं।

विधायक ने आरोप लगाया कि वन विभाग को पहले से हाथियों की गतिविधियों की जानकारी थी, लेकिन ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा देने और हाथियों को आबादी से दूर रखने के लिए स्थायी योजना बनाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से हाथियों का दल लगातार क्षेत्र में घूम रहा है। इससे फसलों और मकानों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाने, समय-समय पर मुनादी कराने और हाथियों की मौजूदगी की जानकारी तुरंत देने की मांग की है।