अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी राजू परिहार अब 30 हजार का इनामी, 20 साल से फरार
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में 20 साल पुराने अपहरण और दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपी राजू परिहार पर पुलिस ने इनाम बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया है.
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में 20 साल पुराने अपहरण और दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपी राजू परिहार पर पुलिस ने इनाम बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर है, जबकि उस पर गंभीर आरोप दर्ज हैं।
यह मामला 26 अगस्त 2005 का है, जब एक युवती अचानक लापता हो गई थी। करीब 15 दिन बाद जब वह बरामद हुई, तो जांच में सामने आया कि उसका अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
जानकारी के अनुसार, इस केस में शामिल एक आरोपी ने पहले ही सरेंडर कर दिया था, जबकि तीन अन्य आरोपियों की मौत हो चुकी है। मुख्य आरोपी राजू परिहार अब तक फरार है और पुलिस उसे लगातार तलाश रही है।
पिछले साल कोर्ट ने आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश भी जारी किए थे, लेकिन इसके बावजूद वह पुलिस गिरफ्त से दूर है। पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी फरार बताया जा रहा है, हालांकि सूत्रों का दावा है कि वह मऊगंज क्षेत्र में खुलेआम घूम रहा है और उसे संरक्षण भी मिल रहा है।
रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
फिलहाल पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
shivendra 
