पुलिस प्रशिक्षण शाला रीवा में वर्दी पहनकर रील बनाने पर 6 नव आरक्षकों को कारण बताओ नोटिस
पुलिस प्रशिक्षण शाला रीवा में प्रशिक्षणरत छह नव आरक्षकों को सोशल मीडिया पर वर्दी में रील बनाकर प्रसारित करने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई 25 फरवरी 2026 को की गई।
पुलिस प्रशिक्षण शाला रीवा में प्रशिक्षणरत 6 नव आरक्षकों को सोशल मीडिया पर वर्दी में रील बनाकर प्रसारित करने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई 25 फरवरी 2026 को की गई। जारी नोटिस के अनुसार, संबंधित नव आरक्षकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर बनाए गए एक ग्रुप में वर्दी पहनकर एक रील साझा की, जिसमें बोले गए संवाद और अभिनय को विभाग की छवि के प्रतिकूल माना गया है।

बताया गया है कि पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा समय-समय पर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि शासकीय कार्य के अतिरिक्त वर्दी में किसी भी प्रकार का वीडियो या रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल न किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान आंतरिक और बाह्य प्रशिक्षकों द्वारा भी इस संबंध में बार-बार समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद संबंधित नव आरक्षकों द्वारा कथित रूप से निर्देशों का उल्लंघन किया गया।

रील में कथित तौर पर ऐसे संवाद बोले गए, जिन्हें विभाग की गरिमा के विपरीत बताया गया है। जानकारी के अनुसार, रील को कुछ ही घंटों में हजारों लोगों द्वारा देखा गया और उस पर पुलिस विभाग के प्रति नकारात्मक टिप्पणियां भी सामने आईं। प्रथम दृष्टया इसे अनुशासनहीनता मानते हुए प्रबंधन ने संबंधित नव आरक्षकों से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए। मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को भी प्रेषित कर दी गई है।
Varsha Shrivastava 
