पाकिस्तान और अफगानिस्तान संघर्ष में 300 की मौत, तनाव जारी

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी संघर्ष में दोनों पक्षों से सैकड़ों लोगों की मौत और घायल होने की खबर है। दोनों ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, और युद्ध की स्थिति को लेकर क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान संघर्ष में 300 की मौत, तनाव जारी
google

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहे युद्ध में दोनों पक्षों से 300 से ज्यादा लोगों के मरने का दावा किया जा रहा है, जबकि 500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। वहीं पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी का कहना है कि

"पाकिस्तान ने अब तक 274 तालिबान लड़ाके मार दिए हैं और 400 से ज्यादा लड़ाके घायल हुए हैं। पाकिस्तान ने उनकी 115 टैंक और बख्तरबंद गाड़ियां नष्ट कर दी हैं, जबकि 74 चौकियां तबाह की गई हैं। पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के 18 चौकियों पर भी कब्जा कर लिया है।"

इस बीच पाकिस्तान ने स्वीकार किया कि युद्ध में अब तक उसके 12 सैनिक मारे गए और 27 घायल हुए हैं। वहीं तालिबान का कहना है कि उसके सिर्फ 8 से 13 लड़ाके ही मारे गए और कुछ घायल हुए हैं। तालिबान का दावा है कि उन्होंने 55 पाकिस्तानी सैनिक मार गिराए हैं और दो सैन्य मुख्यालयों के साथ ही कई चौकियों को भी नष्ट कर दिया है।

दोनों देशों के बीच और भी सैन्य कार्रवाई की आशंका है। दोनों ही देश एक दूसरे को हमले की चेतावनी दे रहे हैं। तालिबान का कहना है कि अगर पाकिस्तान ने आगे और हमला किया तो अफगानिस्तान इसका कड़ा जवाब देगा।

इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प का भी युद्ध को लेकर बयान आ गया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे युद्ध में दखल देंगे, इस पर उन्होंने कहा कि वे दे भी सकते हैं, लेकिन पाकिस्तान अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और उनके पाकिस्तान से अच्छे रिश्ते हैं।

वहीं पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाया है कि देश में होने वाले आतंकी हमले भारत करवा रहा है और इन आतंकवादी गतिविधियों के लिए अफगान तालिबान के क्षेत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है।