मऊगंज:सीमांकन में लापरवाही पड़ी भारी, पटवारी बृजभान साकेत निलंबित

नईगढ़ी में एसडीएम एपी द्विवेदी ने बैजला-डूडा हल्के के पटवारी बृजभान साकेत को सीमांकन कार्य में लापरवाही और बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर निलंबित कर दिया है। ग्रामीणों की शिकायत और जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई, जिससे राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है।

मऊगंज:सीमांकन में लापरवाही पड़ी भारी, पटवारी बृजभान साकेत निलंबित
google

रिपोर्टर- राजेंद्र पयासी

मऊगंज जिले के नईगढ़ी अनुभाग में राजस्व अमले पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। एसडीएम नईगढ़ी एपी द्विवेदी ने बैजला-डूडा हल्के के पटवारी बृजभान साकेत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पटवारी साकेत पर सीमांकन कार्य में लगातार लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप थे। ग्रामीणों की शिकायतों के बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया। जांच में पाया गया कि साकेत न केवल राजस्व कार्यों में रुचि नहीं ले रहे थे, बल्कि बिना किसी सूचना के मुख्यालय से अनुपस्थित भी रहते थे।

एसडीएम एपी द्विवेदी ने यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत की है। निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान श्री साकेत का मुख्यालय तहसील कार्यालय नईगढ़ी रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

प्रशासन के इस कदम से जिले के राजस्व अमले में हड़कंप है। एसडीएम ने साफ संकेत दिए हैं कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।