पदोन्नति के बाद भी नहीं मिली राहत, MP Police के 83 अफसरों का प्रमोशन रद्द

मध्य प्रदेश पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फैसला, 83 कार्यवाहक उप निरीक्षकों की पदोन्नति निरस्त

पदोन्नति के बाद भी नहीं मिली राहत, MP Police के 83 अफसरों का प्रमोशन रद्द

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने कार्यवाहक उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक से उप निरीक्षक पद पर की गई 83 पुलिसकर्मियों की पदोन्नति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी है। पुलिस मुख्यालय भोपाल से जारी आदेश में पदोन्नति निरस्त किए जाने के पीछे संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध दंड प्रभावशील होने, विभागीय/आपराधिक प्रकरण लंबित होने तथा स्वेच्छा से पदोन्नति का लाभ नहीं लेने जैसे कारण बताए गए हैं।

आदेश में 83 पुलिसकर्मियों के नाम शामिल

जारी सूची में अलग-अलग जिलों और इकाइयों में पदस्थ पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं। सूची में दीनदयाल शर्मा, मुमताज अहमद, कृष्ण कुमार सिंह, राजेश कुमार सैनी, मुकेश स्थापक, राजमल दंडिया, संतोष वदुनिया, रामध्र यादव, सरस्वती मिश्रा समेत कुल 83 अधिकारियों के नाम दर्ज हैं। इन पुलिसकर्मियों की पदोन्नति के आदेश क्रमांक भी सूची में दिए गए हैं।

अलग-अलग जिलों में पदस्थ हैं अधिकारी

दस्तावेज के अनुसार पदोन्नति निरस्त होने वाले पुलिसकर्मी वर्तमान में शिवपुरी, रतलाम, छतरपुर, पांडुर्णा, नगरीय भोपाल, सीधी, धार, मंदसौर, झाबुआ, कटनी, सतना, उमरिया, अनूपपुर, इंदौर ग्रामीण, टीकमगढ़, उज्जैन, सिंगरौली, नीमच और मुरैना सहित प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर पदस्थ हैं।

31 अगस्त 2026 को जारी हुआ आदेश

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश पर पुलिस महानिदेशक कार्यालय, मध्य प्रदेश, भोपाल की कार्रवाई दर्ज है। आदेश दिनांक 31 अगस्त 2026 का है। इसमें संबंधित पदोन्नति आदेशों को तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाने का उल्लेख किया गया है।

आदेश के नोट में कहा गया है कि कुछ ऐसे लोक सेवक, जो कार्यवाहक के रूप में कार्य कर रहे थे, पदोन्नत नहीं हो पाए हैं। उन्हें आगामी आदेश तक कार्यवाहक पद पर बनाए रखने से संबंधित पूर्व आदेश का भी उल्लेख किया गया है।