CM डॉ. मोहन यादव ने किए माता वैष्णों देवी के दर्शन, धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं का किया अध्ययन
कटरा और श्रीनगर के दौरे पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कहा- धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का किया अध्ययन
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के कटरा और श्रीनगर का दौरा कर धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत अध्ययन किया। मुख्यमंत्री ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन कर मां का आशीर्वाद लिया और मंदिर परिसर में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उनके साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा, जिसने मंदिर प्रबंधन की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
महाकाल और भोजशाला के लिए बनेगा नया मॉडल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे महाकालेश्वर मंदिर, ओंकारेश्वर देवस्थान और भोजशाला में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बेहतर प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार काम कर रही है। इसी उद्देश्य से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में भोजशाला को मां वाग्देवी मंदिर की मान्यता मिलने के बाद वहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है, इसलिए वहां उत्कृष्ट व्यवस्थाएं विकसित करना जरूरी है।
मंदिर प्रशासन और भीड़ नियंत्रण प्रणाली की जानकारी ली
कटरा में मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रशासन, जनसुविधाओं और भीड़ नियंत्रण प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और डिजिटल प्रबंधन प्रणाली का अध्ययन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैष्णो देवी में श्रद्धालुओं को सहज और सुगम दर्शन की जो व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, वह अनुकरणीय है।
उन्होंने बताया कि यहां मंदिर प्रबंधन के साथ विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और कई सेवा-प्रधान संस्थाएं भी संचालित की जा रही हैं, जो धार्मिक स्थलों के समग्र विकास का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। कटरा में स्थानीय कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री श्रीनगर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। देर शाम वे लोकभवन श्रीनगर पहुंचे और वहां भी स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल हुए।
Varsha Shrivastava 
