भोपाल में कानून-व्यवस्था की समीक्षा: त्योहारों से पहले सीएम मोहन यादव ने दिए सख्त निर्देश
भोपाल में सीएम मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था की समीक्षा की. त्योहारों को लेकर सुरक्षा में कोई समझौता नहीं करने के निर्देश दिए.
भोपाल. होली को देखते हुए प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में पुलिस कमिश्नर ऑफिस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था की समीक्षा की. बैठक में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के एसपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए.
कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में शांति और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी तरह की कोई कंप्रोमाइज नहीं होनी चाहिए. मध्य प्रदेश शांति का टापू है और इसे हर हाल में बनाए रखना है.
संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए. त्योहारों के दौरान निकलने वाली जुलूस और अन्य आयोजनों को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जाएं. पुलिस गश्त बढ़ाने, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए.
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री भी चिंतित
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री भी प्रदेश सहित पूरे देश में शांति व्यवस्था को लेकर सजग हैं. ऐसे में प्रदेश प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो.
दुबई में फंसे मध्यप्रदेश के लोगों पर भी बोले सीएम
मुख्यमंत्री ने दुबई में फंसे मध्यप्रदेश के नागरिकों के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. जरूरत पड़ने पर जरूरी सहयोग और समन्वय किया जाएगा.
shivendra 
