मऊगंज उपजेल में बंदियों से मारपीट और अवैध वसूली के आरोप, 8 बंदियों का मेडिकल
मऊगंज उपजेल में बंदियों से मारपीट और सुविधा के नाम पर अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। शिकायत के बाद 8 बंदियों का मेडिकल कराया गया और आरोपी प्रहरी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज। मऊगंज उपजेल में बंदियों के साथ मारपीट और सुविधा के नाम पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस मामले ने जिले में हलचल मचा दी है। बंदियों के परिजन कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जेल में पदस्थ एक प्रहरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायत के बाद जेल प्रशासन ने 8 बंदियों का मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) कराया और संबंधित प्रहरी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है.
बंदियों ने परिजनों को दिखाई चोटें
परिजनों के मुताबिक उपजेल परिसर में सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान 8 बंदी बाहर बैठे हुए थे। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी तेजवीर शर्मा वहां पहुंचे और बिना किसी वजह के बंदियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मुलाकात के दौरान बंदियों ने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई और शरीर पर चोट के निशान भी दिखाए.
परिजन उमेश कोल ने बताया कि उनके रिश्तेदार उपजेल में बंद हैं और उनके साथ मारपीट की गई। वहीं मोहम्मद रहीस वक्स का कहना है कि उनके भाई समेत 7 अन्य बंदियों के साथ भी उसी दिन मारपीट हुई। बृहस्पति साकेत ने आरोप लगाया कि उनके बेटे से सुविधा देने के नाम पर पैसे मांगे गए। पैसे नहीं देने पर उसके साथ मारपीट की गई.
सुविधा के बदले पैसे मांगने का भी आरोप
परिजनों का आरोप है कि कुछ जेलकर्मी बंदियों को अतिरिक्त सुविधा देने के बदले पैसे मांगते हैं। अगर पैसे नहीं दिए जाते तो उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की जाती है। इस पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर, उपजेल के पदेन अधीक्षक और एसडीएम को सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है.
8 बंदियों का मेडिकल, प्रहरी को नोटिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। उपजेल जेलर ध्रुव नारायण मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलते ही सभी 8 बंदियों का मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) कराया गया है। सभी बंदियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी प्रहरी तेजवीर शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। पूरे मामले की रिपोर्ट पदेन अधीक्षक एवं एसडीएम को भेज दी गई है.
जेलर ने कहा कि एमएलसी रिपोर्ट और बंदियों के बयानों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्रहरी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी.
वहीं उपजेल मऊगंज के पदेन अधीक्षक एवं एसडीएम एपी द्विवेदी ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और आरोपी जेल प्रहरी के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की गई है
Anubhav Dubey 
