मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 17 साल से नशे के कारोबार में लिप्त आरोपी गिरफ्तार, भोपाल जेल भेजा
6 महीने के लिए रीवा संभाग से जिला बदर नशा तस्कर गिरफ्तार, शाहपुर पुलिस ने केंद्रीय जेल भोपाल पहुंचाया
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज। रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘प्रहार 2.0’ के तहत मऊगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए NDPS एक्ट के तहत वांछित आरोपी राधेश्याम गुप्ता उर्फ राधे को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रीवा संभाग से 6 महीने के लिए जिला बदर करने के आदेश के पालन में केंद्रीय जेल भोपाल भेजा गया है।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी शाहपुर उप निरीक्षक रामदीन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राधेश्याम गुप्ता उर्फ राधे (54), पिता मोतीलाल गुप्ता, निवासी खटखरी, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज के रूप में हुई है।
17-18 सालों से नशे के कारोबार में लिप्त
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले 17 से 18 सालों से अवैध मादक पदार्थों के संग्रहण, परिवहन और बिक्री के कारोबार में लिप्त है। उसके खिलाफ मऊगंज जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार, अवैध शराब की बिक्री और मारपीट सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं।
6 महीने के लिए रीवा संभाग से था जिला बदर
पुलिस के मुताबिक, आदतन अपराधी होने के कारण रीवा संभाग के आयुक्त ने आरोपी को 6 महीने की अवधि के लिए रीवा संभाग के जिलों की सीमा से बाहर रखने और केंद्रीय जेल भोपाल में निरुद्ध करने का आदेश जारी किया था। इसी आदेश के पालन में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भोपाल जेल भेज दिया।
कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक रजनीश मिश्रा, खटखरी चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अमर सिंह, प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा, कुन्जल रावत, कमलेश यादव, जय प्रकाश रावत और संतोष रावत सहित आरक्षक कन्हैया सिंह पटेल, आनंद सरोज, विनीत पांडेय, नीलेश तिवारी और शुभम दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Varsha Shrivastava 
