मऊगंज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, चार और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 11 आरोपी पकड़े गए

मऊगंज के चर्चित हत्याकांड मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में अब तक 11 आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है.

मऊगंज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, चार और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 11 आरोपी पकड़े गए

मऊगंज: जिले के चर्चित हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में की गई है. इससे पहले इस मामले में सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी.

पुलिस के अनुसार, मारपीट और हत्या के इस मामले में कुल 15 आरोपियों को नामजद किया गया था. इनमें से अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. 

4 मार्च को हुई थी घटना

पुलिस के मुताबिक घटना 4 मार्च 2026 की शाम ढाबा गौतमान गांव की है. फरियादी पूरनलाल पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुराने विवाद को लेकर पड़ोसियों ने गाली-गलौज के बाद लाठी, डंडा, पत्थर और टांगी से हमला कर दिया.

बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता रघुवीर पटेल, माता फगुनी उर्फ लीलावती और भाई संदीप पटेल के साथ भी आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की. गंभीर रूप से घायल सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हनुमना ले जाया गया, जहां से उन्हें रेफर किया गया. इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में रघुवीर पटेल की मौत हो गई.

7 मार्च को चार आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि 7 मार्च की शाम वांछित आरोपी राजेश साकेत, बुद्धसेन साकेत, विमलेश साकेत और कंचना साकेत को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह कार्रवाई एसडीओपी सचि पाठक के नेतृत्व और हनुमना थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल काकड़े के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने की. पुलिस का कहना है कि मामले में अभी भी चार आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.