मऊगंज: अवैध उत्खनन पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर-एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण
मऊगंज के सरदमन गांव में अवैध उत्खनन की शिकायत पर कलेक्टर संजय कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त निरीक्षण किया. SDM और खनिज अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं, वहीं नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
मऊगंज में अवैध उत्खनन और खनन गतिविधियों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक ने पिपराही के सरदमन गांव का संयुक्त निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खनन क्षेत्र, परिवहन मार्ग और स्थानीय नागरिकों द्वारा उठाए गए अलग-अलग मुद्दों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वर्तमान में उपयोग किए जा रहे मार्ग की विधिवत जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि मार्ग के उपयोग से किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो. उन्होंने कहा कि यदि वैकल्पिक मार्ग की आवश्यकता हो तो भूमि स्वामी और सिद्धिविनायक स्टोन क्रेशर संचालक के मध्य आपसी सहमति और वैधानिक प्रक्रिया के तहत विधिवत अनुबंध कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो.
कलेक्टर ने अवैध उत्खनन संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी (SDM) एवं खनिज अधिकारी को संयुक्त रूप से जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जांच में यह स्पष्ट किया जाए कि खनन गतिविधियां निर्धारित नियमों एवं स्वीकृत शर्तों के अनुरूप संचालित हो रही हैं अथवा नहीं.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जिस क्षेत्र में ब्लास्टिंग की अनुमति प्रदान की गई है, उसकी जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि स्वीकृत क्षेत्र से अधिक हिस्से में विस्फोटक कार्य न किया जा रहा हो. कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि खनन कार्य में सुरक्षा मानकों एवं वैधानिक प्रावधानों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि क्रेशर क्षेत्र में जब भी ब्लास्टिंग की कार्रवाई की जाए, वह सक्षम अधिकारी की उपस्थिति में ही संपन्न हो, ताकि गतिविधियों की प्रभावी निगरानी के साथ सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.
shivendra 
