मऊगंज कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई: कलेक्टर ने सुने 90 मामले, अधिकारियों को दिए तत्काल निराकरण के निर्देश
मऊगंज कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में 90 शिकायतें पहुंचीं। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सड़क, नाली, सीमांकन, अतिक्रमण और भूमि विवाद सहित विभिन्न मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मऊगंज। जिला कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिलेभर से आए 90 आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय भी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में घुरेहटा निवासी मोहम्मद मुस्ताक ने सड़क एवं नाली निर्माण की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नगर परिषद मऊगंज को बारिश से पहले स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम गंज के एक आवेदक ने बरसात का पानी रुकने से हो रही परेशानी की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर एसडीएम मऊगंज को जांच कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम जमुनिहा से पहुंचे आठ आवेदकों ने बताया कि उनकी भूमि का सीमांकन पिछले आठ वर्षों से लंबित है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार हनुमना को उसी दिन सीमांकन की कार्रवाई पूरी कराने के सख्त निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत फूलकरण सिंह के सरपंच ने सरकारी ट्यूबवेल पर अतिक्रमण की शिकायत की। कलेक्टर ने तहसीलदार नईगढ़ी को तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। करह निवासी संगमलाल मिश्रा द्वारा भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर तहसीलदार नईगढ़ी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया। जनसुनवाई में अकौरी गांव की शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा सुअरहा आदिवासी बस्ती में रास्ता निर्माण की मांग भी उठाई गई। इन मामलों में सीईओ जनपद पंचायत नईगढ़ी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा नामांतरण, नक्शा तरमीम, मृतक आश्रितों को सहायता राशि भुगतान, अस्पताल के पास नाली एवं सड़क निर्माण सहित विभिन्न राजस्व और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में भी संबंधित एसडीएम, तहसीलदार एवं नगर परिषद अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
shivendra 
