मऊगंज में खनिज माफियाओं पर शिकंजा: अवैध गिट्टी ले जा रहे 5 वाहन जब्त
कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर कार्यवाही, अवैध परिवहन करते पकड़े गए ट्रेलर, ट्रक और ट्रैक्टर
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी।
जिले में अवैध खनिज उत्खन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 5 वाहनों को जब्त किया गया।
टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा
खनिज अधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। जांच के दौरान मऊगंज क्षेत्र में एक ट्रेलर क्रमांक यूपी 63 बीटी 3408 बिना वैध दस्तावेजों के गिट्टी लेकर जा रहा था। उसे मौके पर ही जप्त कर लिया गया।
इसी तरह पिपराही क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान गिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोका गया। चालक कोई भी वैध कागज प्रस्तुत नहीं कर सके। वहीं खटखरी-मऊगंज हाईवे पर की गई कार्रवाई में दो ट्रक क्रमांक एमपी 19 एचए 6463 और एमपी 21 जीजे 9701 को अवैध परिवहन करते पकड़ा गया।

खनिज विभाग की टीम ने जब्त किए 5 वाहन
खनिज विभाग की टीम ने सभी 5 वाहनों को नियमानुसार जब्त कर क्रमशः पुलिस थाना मऊगंज, पुलिस चौकी पिपराही और पुलिस चौकी खटखरी की अभिरक्षा में सुरक्षित खड़ा कराया है। विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खनिज विभाग और पुलिस को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और इस गोरखधंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इधर प्रशासन की कार्यवाही से अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
Varsha Shrivastava 
