मऊगंज के अकौरी गांव के कुएं में युवक-युवती की लाश मिलने से सनसनी
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के अकौरी गांव में मंगलवार सुबह एक युवक-युवती के शव कुएं में मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक दोनों दूर के रिश्ते में बाबा-पोती बताए जा रहे हैं।
मंगलवार सुबह परिजनों ने घर से करीब 300 मीटर दूर कुएं के पास मोबाइल फोन, सिंदूर और अन्य सामान देखा। घटना की सूचना नईगढ़ी थाना और रामपुर चौकी पुलिस को दी गई। ग्रामीणों की मदद से कुएं से दोनों के शव बाहर निकाले गए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी के अनुसार पंचनामा के बाद हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले सामान को देखकर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है।

परिजनों के मुताबिक मृतका किशोरी रेशमा 19 मई को भी घर से लापता हुई थी। 20 मई को नईगढ़ी थाना में परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज हुई थी और 23 मई को पुलिस ने उसे दस्तयाब कर परिवार को सौंप दिया था।
इधर सोमवार रात वह फिर घर से गायब हो गई थी और मंगलवार सुबह गांव स्थित कुएं में उतराती लाश मिली।

मृतक के परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी कही है। मामला संवेदनशील है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और घटना की असली वजह साफ हो पाएगी।
नईगढ़ी थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्थल पंचनामा उपरांत दोनों मृतकों के शव को नईगढ़ी अस्पताल पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद हकीकत सामने आएगी। घटना को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।


